Varanasi News: विजयादशमी पर्व पर बरेका में विशेष सुरक्षा, 2 अक्टूबर को रावण दहन तक सभी प्रवेश द्वार रहेंगे बंद
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी में विजयादशमी के पर्व को देखते हुए बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में 2 अक्टूबर 2025 को विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार, भीड़-नियंत्रण और जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बरेका के सभी प्रवेश द्वारों को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।
रावण दहन तक बंद रहेंगे मुख्य द्वार
बरेका प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बरेका परिसर के सभी प्रवेश द्वार, जिनमें ककरमत्ता मुख्य प्रवेश द्वार, एफसीआई गेट, नाथूपुर गेट, पहाड़ी गेट और कंदवा गेट शामिल हैं, प्रातः 10:00 बजे से लेकर रावण पुतला दहन कार्यक्रम समाप्त होने तक बंद रहेंगे।
इस अवधि के दौरान, रेल कर्मचारी अपना पहचान पत्र दिखाकर प्रवेश कर सकते हैं। वहीं, आम नागरिक केवल रामलीला मंचन और रावण पुतला दहन कार्यक्रम का पास दिखाकर ही बरेका परिसर में आवागमन कर सकेंगे।
यह निर्णय विजयादशमी जैसे बड़े पर्व पर बरेका परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में होने वाली भारी भीड़ के कारण लिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और शांतिपूर्ण माहौल बना रहे।
बरेका प्रशासन ने सभी कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जिला प्रशासन के निर्देशों का पूर्णतः पालन करें और इस पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।
रिपोर्ट : मदन मुरारी पाठक
Also Read: Lucknow News: पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर जेल में बंदी ने किया जानलेवा हमला, KGMU में भर्ती

