Kanpur News: रेलवे स्टेशन पर जलभराव और अतिक्रमण से यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ीं

Kanpur News: लगातार हो रही बारिश ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन के सिटी साइड क्षेत्र में यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी है। भारी बरसात के चलते सीवर और नालियां चोक हो गईं, जिससे स्टेशन के बाहर जलभराव विकराल रूप ले चुका है। यात्रियों का कहना है कि बारिश थमने के बाद भी गंदा पानी सड़कों पर जमा रहता है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।

स्टेशन परिसर के बाहर अतिक्रमण से बढ़ी समस्या

सीवर ओवरफ्लो होने के कारण यात्रियों को कीचड़ और बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। रोजाना हजारों यात्री इस मार्ग से गुजरते हैं, जहां पैदल चलना मुश्किल हो गया है। यात्रियों को भारी सामान के साथ पानी और कीचड़ के बीच से निकलना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार बुजुर्ग और महिलाएं फिसलकर घायल भी हो जाते हैं।

सिटी साइड से स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर भरा सीवर का गंदा पानी और फुटपाथ पर लगी दुकानें।

स्टेशन के सिटी साइड क्षेत्र में ऑटो, टेंपो और ठेले खड़े रहने से रास्ता और भी संकरा हो गया है। यात्रियों का कहना है कि इससे ट्रेन तक पहुंचने में देर हो जाती है और कई बार उनकी ट्रेन छूट जाती है। स्थिति इतनी गंभीर है कि यदि कोई इनके खिलाफ विरोध करता है, तो ऑटो-टेंपो चालक मारपीट और गाली-गलौज पर उतर आते हैं।

युवक के साथ की थी बदसलूकी

दिल्ली जाने वाली ट्रेन पर अपने पिता को छोड़ने आए यात्री आकाश ने बताया कि पिछले सप्ताह एक ऑटो चालक ने अचानक गाड़ी मोड़ दी, जिससे उनके घुटने में चोट लग गई। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो कई ऑटो चालक मिलकर उनसे बदसलूकी करने लगे। हालांकि ट्रेन का समय नजदीक होने के कारण वे शिकायत दर्ज नहीं करा पाए।

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं आम हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि नगर निगम और रेलवे प्रशासन की लापरवाही के कारण हर साल यही हालात बनते हैं। यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाया जाए और जलभराव की समस्या को दूर किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम मार्ग मिल सके।

Also Read: बरेली हिंसा के दो मुख्य आरोपी हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, SP सिटी के गनर से छीनी गई एंटी रॉयट गन बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.