गाजियाबाद में भीषण सड़क हादसा, मॉर्निंग वॉक पर निकलीं तीन महिलाओं की कार की टक्कर से मौत

Ghaziabad News: शनिवार सुबह सिहानीगेट थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। राकेश मार्ग कट के पास मॉर्निंग वॉक के लिए निकले चार लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, हादसे में मारी गई महिलाओं की पहचान न्यू कोटगांव निवासी मीनू प्रजापति (56), कमलेश (55) और सावित्री देवी (60) के रूप में हुई है। जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान शतम विहार कॉलोनी निवासी विपिन शर्मा (47) के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे मॉर्निंग वॉक के दौरान एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर लोगों को रौंदती चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह कार को कुछ दूर छोड़कर भाग निकला।

कार को जब्त कर लिया गया है

पुलिस उपायुक्त (सिटी) धवल जायसवाल ने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा, “मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है, जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।”

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि राकेश मार्ग पर सुबह के समय तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर रोक लगनी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Also Read: Chandauli News: टिन शेड के नीचे मिला पूर्व प्रधान का शव, पुलिस जांच में जुटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.