Kanpur News: डीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्वालटोली का किया औचक निरीक्षण, तीन स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए

Kanpur News: जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को प्रातः नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्वालटोली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. पल्लवी चौरसिया समेत तीन स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने और मेडिकल ऑफिसर का अक्टूबर माह का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया।

मरीज की ओपीडी दर्ज नहीं की गई थी

जिलाधिकारी ने सुबह 10:40 बजे स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण शुरू किया। उपस्थिति पंजिका की जांच के दौरान डॉ. पल्लवी चौरसिया, बीएसडब्ल्यू अर्पित दीक्षित और नितिन कुमार अनुपस्थित पाए गए। वहीं, एक अन्य चिकित्सक डॉ. शिवाय गुप्ता आकस्मिक अवकाश पर थे। ओपीडी रजिस्टर की जांच में यह भी सामने आया कि 29 सितंबर के बाद एक भी मरीज की ओपीडी दर्ज नहीं की गई थी, जिस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की।

कानपुर डीएम रजिस्टर जांचते  हुए।

जांच कराने का निर्देश दिया

डीएम ने वैक्सीन भंडारण केंद्र और औषधि वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। कुछ मरीजों ने पैथोलॉजिस्ट के अवकाश के कारण जांच नहीं होने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से पैथोलॉजिस्ट को तत्काल बुलाकर जांच कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ किया कि जनहित से जुड़ी सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार और जांच उपलब्ध कराना प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी का कर्तव्य है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: बिहार में इस बार बड़े भाई और छोटे भाई की भूमिका नहीं… बीजेपी अध्यक्ष के बयान ने बढ़ाई सियासी हलचल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.