Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय में बायोकेमिस्ट्री विभाग द्वारा दीक्षांत व्याख्यान का आयोजन

Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संत कबीर सभागार में बायोकेमिस्ट्री विभाग की ओर से तीसवें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में व्याख्यान श्रृंखला का आयोजन किया गया। यह व्याख्यान कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का विषय था — “एचआईवी की एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी एवं एजिंग विद ग्रेस”।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज के प्रोफेसर बेचन शर्मा और नॉर्थ ईस्टर्न हिल विश्वविद्यालय, शिलांग के प्रोफेसर रमेश शर्मा उपस्थित रहे।

बीमारियों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है

प्रो. बेचन शर्मा ने अपने व्याख्यान में “बुढ़ापा क्यों होता है और गरिमापूर्ण वृद्धावस्था में स्वस्थ कैसे रहा जाए” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सीमित खानपान और संतुलित जीवनशैली के जरिए वृद्धावस्था से जुड़ी बीमारियों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

वहीं, प्रो. रमेश शर्मा ने एचआईवी (HIV) संक्रमण के बचाव और उपचार पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक अब ऐसे उपायों पर काम कर रहे हैं जिनसे शरीर की कोशिकाओं से एचआईवी वायरस के जेनिटिक मटेरियल को स्थायी रूप से हटाया जा सके, जिससे वायरस के दोबारा सक्रिय होने की संभावना घट जाती है।

बीमारी के इलाज में बड़ी उपलब्धि है

उन्होंने कहा कि वर्तमान में लंबे समय तक असर करने वाली एंटीरेट्रोवाइरल दवाओं का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, जो इस बीमारी के इलाज में बड़ी उपलब्धि है।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई और अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया गया। व्याख्यान के अंत में विभागाध्यक्ष प्रो. फर्रुख जमाल ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

इस अवसर पर प्रो. नीलम पाठक, प्रो. संग्राम सिंह, डॉ. वंदना रंजन, डॉ. नीलम यादव, डॉ. शिवि श्रीवास्तव, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. मणिकांत त्रिपाठी, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह और कल्पना वर्मा सहित कई शिक्षाविद उपस्थित रहे।

Also Read: UP: नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, यूपीसीडा के अधिकारी हेमेंद्र प्रताप सिंह को मंत्री नंदी ने हटाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.