Varanasi News: बीएचयू में आयोजित हुआ रोजगार मेला, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (वाराणसी) के शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में शुक्रवार को सत्रहवें रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री, ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार, श्री कमलेश पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चयनित 51,000 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण अभियान के अंतर्गत वाराणसी के नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के अभ्यर्थियों को संबोधित किया। उन्होंने ‘प्रतिभासेतु पोर्टल’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यूपीएससी की अंतिम सूची तक पहुंचे किंतु चयनित न हो पाए उम्मीदवारों की मेहनत अब व्यर्थ नहीं जाएगी।
निजी व सार्वजनिक संस्थाएं इस पोर्टल के माध्यम से इन प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर दे सकती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवाओं की प्रतिभा ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है, और उसका सदुपयोग विश्व के सामने भारत की पहचान मजबूत करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि “यह केवल नियुक्ति पत्र नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का निमंत्रण पत्र है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में इन नव नियुक्त अभ्यर्थियों की भूमिका अहम होगी।
उन्होंने आगे कहा — “जनता का विश्वास आपके आचरण और कर्म से और सशक्त होगा। आप केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि भारत के भविष्य के निर्माता हैं।”
श्री पासवान ने बीएचयू को ज्ञान, संस्कार और परंपरा की पावन भूमि बताते हुए कहा कि महामना मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित इस संस्थान से युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाना गर्व की बात है।
उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों को देश सेवा में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रधानमंत्री द्वारा आरंभ किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना की और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।
उन्होंने काशी में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शहर निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा, निदेशक डाक सेवाएं (वाराणसी परिक्षेत्र) श्रीमती प्रीति अग्रवाल, गृह मंत्रालय के डिप्टी कमांडेंट श्री नवनीत कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

