सिद्धार्थनगर: बूढ़ी राप्ती नदी में डूबे 17 वर्षीय युवक की तलाश जारी, आज SDRF करेगी खोज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के उसका बाजार थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में शुक्रवार शाम एक दुखद घटना घटी। ग्राम तिघरा निवासी संदेश उर्फ विनय गौड़ (17 वर्ष), पुत्र संतोष गौड़, बूढ़ी राप्ती नदी में डूब गया। देर रात तक तलाश के बावजूद युवक का शव बरामद नहीं हो सका है।

घटना और शुरुआती तलाश
शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे संदेश गौड़ लघुशंका के लिए बूढ़ी राप्ती नदी के पास गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संभवतः अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलते ही संदेश के घर-परिवार में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उसकी तलाश शुरू की। थानाध्यक्ष (उसका बाजार) हरिकृष्ण उपाध्याय और नायब तहसीलदार अमित सिंह भी मौके पर पहुंचे। देर रात हो जाने के कारण फिलहाल तलाश रोक दी गई है।

विधायक ने परिवार को दिया आश्वासन
घटना की सूचना मिलने पर कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही भी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। विधायक राही ने कहा, “पीड़ित परिवार की हर तरह से मदद की जाएगी। मदद में कोई कोर-कसर नहीं छोडूंगा।” उन्होंने प्रशासन को शव की खोज और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर और व्यक्तिगत रूप से बात कर, शव मिलने के बाद आर्थिक सहायता दिलवाने का भी आश्वासन दिया।
आज को SDRF करेगी तलाश
थाना प्रभारी हरिकृष्ण उपाध्याय और नायब तहसीलदार अमित सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि नदी में डूबे युवक की खोज में आज सफलता नहीं मिल पाई। उन्होंने पुष्टि की कि शनिवार को SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम द्वारा डूबे हुए युवक की तलाश पुनः शुरू की जाएगी, और हर हाल में शव को खोजने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: इंडो-गल्फ क्रेनियोफेशियल सोसाइटी (IGCS) की चौथी बैठक लखनऊ और आगरा में आयोजित

