कुशीनगर: सुखदेव पहलवान की सड़क हादसे में मौत, नीतीश कटारा केस में 20 साल बाद हुआ था रिहा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में देश के चर्चित नीतीश कटारा हत्याकांड के दोषी रहे सुखदेव पहलवान की मौत हो गई है। हाल ही में लगभग 20 साल जेल की सजा काटकर रिहा हुए सुखदेव की मौत एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई।

हादसे का विवरण

घटना बुधवार को मधुरिया पुलिस चौकी के पास हुई। मिली जानकारी के अनुसार पटहेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम तरुवनवा निवासी सुखदेव पहलवान अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था। तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुखदेव की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नीतीश कटारा हत्याकांड से जुड़ा था नाम

सुखदेव पहलवान का नाम 2002 के बहुचर्चित नीतीश कटारा हत्याकांड से जुड़ा हुआ था, जिसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया था। इंजीनियरिंग छात्र नीतीश कटारा की 16-17 फरवरी 2002 की रात बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। नीतीश कटारा और बाहुबली नेता व पूर्व सांसद डीपी यादव की बेटी भारती यादव के बीच प्रेम संबंध थे, जो परिवार को मंजूर नहीं थे।

इस मामले में डीपी यादव के बेटे विकास यादव, चचेरे भाई विशाल यादव और उनके सहयोगी सुखदेव पहलवान को हत्या का दोषी करार दिया गया था। सुखदेव पहलवान लगभग 20 साल जेल में काटने के बाद हाल ही में रिहा हुआ था। सड़क हादसे में सुखदेव की मौत से यह पुराना मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पुलिस ने फिलहाल इसे एक साधारण सड़क हादसा बताया है, लेकिन स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने के कारण पुलिस मामले की जांच सभी संभावित एंगल से कर रही है।

Also Read: Rampur News: इरफान सोलंकी ने आजम खान से की मुलाकात, बोले- हम एक थे, एक हैं और एक रहेंगे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.