पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर बोले- सीमा पार से आतंकवाद बर्दाश्त नहीं होगा

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि उनका देश अपने सभी पड़ोसियों के साथ शांति चाहता है, लेकिन वह किसी भी पड़ोसी मुल्क की जमीन से होने वाले सीमा पार आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा।

यह बयान उन्होंने पेशावर में कबायली वरिष्ठ नागरिकों की जिरगा (परिषद) के साथ एक संवाद सत्र के दौरान दिया। दुनिया इस बात से वाकिफ है कि पाकिस्तान का इतिहास आतंकवाद को आश्रय देने का रहा है, ऐसे में सेना प्रमुख का यह शांति का संदेश काफी अहम माना जा रहा है।

जिरगा के साथ संवाद के दौरान आसिम मुनीर को मौजूदा सुरक्षा माहौल, सैन्य तैयारियों और पाकिस्तान-अफगान सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए किए जा रहे आतंकवाद-रोधी प्रयासों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

आसिम मुनीर ने विशेष रूप से अफगानिस्तान से सीमा पार आतंकवाद जारी रहने के बावजूद पाकिस्तान द्वारा धैर्य बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, पाकिस्तान, अफगानिस्तान सहित सभी पड़ोसियों के साथ शांति चाहता है, लेकिन पड़ोसी मुल्क की जमीन से आतंकवाद को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।

द्विपक्षीय संबंधों के लिए काबुल को प्रस्ताव

सेना प्रमुख ने यह भी खुलासा किया कि द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के मकसद से काबुल को कूटनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव भी दिए गए हैं। उन्होंने हालिया गतिरोध के दौरान सुरक्षा बलों को कबायली लोगों की ओर से दिए गए दृढ़ और बिना शर्त समर्थन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में खैबर पख्तूनख्वा के बहादुर लोगों के साहस और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

मुनीर ने कबायली वरिष्ठ नागरिकों को यह आश्वासन दिया कि पाकिस्तान, खासकर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत, आतंकवादियों और उनके समर्थकों से पूरी तरह मुक्त हो जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों ने सेना प्रमुख के भाषण का समर्थन करते हुए शांति के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।

Also Read: IPL 2026: युवराज सिंह की आईपीएल में वापसी, लखनऊ सुपर जायंट्स में हो सकती है एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.