Varanasi News: स्व. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ‘हरीश जी’ की स्मृति में वार्षिक विशेष क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का हुआ शुभारंभ

Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी जिले के पूर्वी उत्तर प्रदेश की अग्रणी आनंद क्रिकेट अकादमी द्वारा रविवार को सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, भेलूपुर में पूर्व वित्त मंत्री स्व. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ‘हरीश जी’ की स्मृति में वर्षपर्यंत चलने वाले विशेष क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर 2025 का उद्घाटन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वाराणसी कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि “आनंद क्रिकेट अकादमी पिछले 24 वर्षों से लगन, निष्ठा और ईमानदारी के साथ युवाओं को क्रिकेट प्रशिक्षण देकर वाराणसी और पूरे पूर्वांचल के क्रिकेट विकास में अभूतपूर्व योगदान दे रही है।”

Varanasi News

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे अपने पूज्य पिता स्व. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव की स्मृति में आयोजित इस विशेष शिविर को हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।

विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात ज्योतिषाचार्य प्रो. चंद्रमौलि उपाध्याय, पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनुराग मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आशीष विंस्टन जैदी और वरिष्ठ अधिवक्ता विंध्याचल चौबे उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं विद्यालय संस्थापक महान संत चिंतामणि मुखर्जी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के खेल मैदान पर औपचारिक मैच खेलकर शिविर का उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में “संरक्षक रत्न अलंकरण” सम्मान भी प्रदान किए गए। सम्मान पाने वालों में शशांक श्रीवास्तव (महामंत्री, बनारस बार एसोसिएशन), रणजी खिलाड़ी संजय श्रीवास्तव, ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव, राघवेंद्र श्रीवास्तव, भाजपा नेता मधुकर पांडे, अध्यक्ष डॉ. अजय चौरसिया, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभू नारायण पांडे, प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, क्रीड़ा भारती से वीरेन्द्र नाथ उपाध्याय, समाजसेवी शिवशंकर पांडे बब्बू, सीए अजय सोनी, और डॉ. संजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से कृष्णकांत तिवारी, संजय राव, प्रथम चतुर्वेदी, आनंद कुमार, शनि प्रजापति, प्रिंस राव, सत्यम कुमार सहित सैकड़ों प्रतिभागियों ने आयोजन में हिस्सा लिया।

रिपोर्ट: एम.एम. पाठक

Also Read: यूपी सरकार का भ्रष्टाचार पर बड़ा वार, समाज कल्याण विभाग के 4 अधिकारी बर्खास्त, 3 रिटायर्ड अधिकारियों की पेंशन में कटौती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.