Varanasi News: चौबेपुर में रहस्यमयी मौतें और नरकंकाल मिलने से सनसनी, आदिवासी कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच की मांग

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी वाराणसी को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने थाना चौबेपुर क्षेत्र के दो गंभीर मामलों — एक युवक की संदिग्ध आत्महत्या और एक नरकंकाल मिलने — की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है।

मामलों में पहला है ग्राम नारायणपुर निवासी प्रकाश गौड़ पुत्र रमेश गौड़ की 28 अक्टूबर 2025 को कथित आत्महत्या।

दूसरा मामला उसी दिन ग्राम चुमकुनी में खेत से मिला नरकंकाल है, जिसकी पहचान 14 अगस्त से लापता युवक राजकुमार गौड़ उर्फ गुड्डू पुत्र रामजी के रूप में कपड़ों के आधार पर की गई है।

डॉ. उमेश चंद्र, प्रदेश अध्यक्ष, आदिवासी कांग्रेस

फोरेंसिक और डीएनए जांच की मांग

आदिवासी कांग्रेस ने मांग की है कि नरकंकाल की फोरेंसिक रिपोर्ट और डीएनए टेस्ट जल्द कराया जाए, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित हो सके।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि दोनों मामलों में भूमि विवाद का एंगल सामने आया है और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (SC/ST Act) के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

थाना चौबेपुर की भूमिका पर उठे सवाल

ज्ञापन में थाना चौबेपुर पुलिस की भूमिका को संदिग्ध बताया गया है। आदिवासी कांग्रेस ने मांग की है कि नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और पुलिस पर जातीय पूर्वाग्रह के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।

पीड़ित परिवार को लगातार मिल रही धमकियां

पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपी पक्ष लगातार धमकियां दे रहा है। रमेश गौड़ को 27 अक्टूबर की रात लगभग 9:30 बजे जान से मारने की धमकी मिली थी, और अगले दिन सुबह 5 बजे गाँव के एक व्यक्ति ने प्रकाश गौड़ की आत्महत्या की सूचना दी।

प्रकाश का शव सरकारी आरओ प्लांट के कमरे में मिला था। इसी बीच, उसी दिन राजकुमार गौड़ का नरकंकाल खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्रतिनिधिमंडल में रहे कई पदाधिकारी

डीएम को सौंपे गए ज्ञापन के दौरान डॉ. उमेश चंद्र के साथ आदिवासी कांग्रेस और जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें संजीव गौड़, बृजेश कुमार गौड़, राजकुमार गोंड राजू, अरुण कुमार वर्मा, विकास वर्मा, प्रहलाद गौड़, मनोज गौड़, रामजी गोंड समेत कई स्थानीय कार्यकर्ता शामिल थे।

रिपोर्ट: वीरेन्द्र पटेल

Also Read: मुरादाबाद एनकाउंटर: UP STF ने मुठभेड़ में 1.5 लाख के दो कुख्यात इनामी बदमाश किए ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.