पाकिस्तान के स्वात में बम धमाका, बाल-बाल बचे अवामी नेशनल पार्टी के नेता मुमताज अली खान
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान में आतंकवाद का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में एक शक्तिशाली बम धमाका हुआ। यह विस्फोट अवामी नेशनल पार्टी (ANP) के नेता मुमताज अली खान की गाड़ी के पास किया गया। हालांकि, हमले में खान बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुँचा।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह घटना स्वात के मट्टा इलाके के शकरदारा में हुई। ANP नेता मुमताज अली खान, जो पीके-9 से पार्टी के पूर्व उम्मीदवार थे, जैसे ही अपने घर से निकले, उनके घर से लगभग 300 फीट की दूरी पर यह जोरदार धमाका हुआ, जिससे उनकी गाड़ी को नुकसान पहुँचा।
स्वात के ज़िला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) ने पुष्टि की है कि विस्फोटक उपकरण सड़क किनारे लगाया गया था। धमाके के बाद, पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। पुलिस ने हमले के वास्तविक कारण और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए व्यापक जाँच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि मंगलवार को ही पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ज़िला एवं सत्र न्यायालय के बाहर हुए एक आत्मघाती हमले में 12 लोग मारे गए थे, जबकि 36 घायल हुए थे। इस हमले को लेकर पाकिस्तानी नेताओं ने पड़ोसी देशों पर निशाना साधा है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस हमले में भारत समर्थित चरमपंथी समूह के शामिल होने का आरोप लगाया। वहीं रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के निशाने पर अफगानिस्तान रहा। उन्होंने दावा किया कि यह ‘वेक अप कॉल’ है और अगर अफगानिस्तान में आतंकवादी पनाहगाहों की स्थिति बिगड़ती है, तो पाकिस्तान निर्णायक जवाब देगा।
Also Read: जूनियर हॉकी विश्व कप ट्रॉफी पहुंची लखनऊ, CM योगी ने हॉकी के गौरवशाली इतिहास को किया याद

