Varanasi News: सनबीम स्कूल बाबतपुर में निशुल्क मेगा हेल्थ कैंप, दो दिन चलेगा बच्चों का मेडिकल चेकअप

दो दिनों तक चलेगा मेडिकल चेकअप, बच्चों को मिलेगा फिटनेस सर्टिफिकेट

Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी जिले के हरहुआ विकासखंड के भठौली स्थित सनबीम स्कूल बाबतपुर में सोमवार से निःशुल्क मेगा नेत्र एवं मेडिकल हेल्थ चेकअप शिविर की शुरुआत हुई।

यह शिविर मेडिमैक्स हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित किया गया है, जो लगातार दो दिनों तक चलेगा।

शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अनुभवी डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। चेकअप के बाद विद्यालय की ओर से बच्चों को फिटनेस प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

हर साल लगाया जाता है हेल्थ कैंप

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती गीता सिंह ने बताया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा हर वर्ष बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जाता है, ताकि किसी भी बच्चे की स्वास्थ्य समस्या उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि चेकअप के दौरान किसी बच्चे में गंभीर बीमारी के लक्षण मिलते हैं, तो विद्यालय द्वारा परिजनों से संपर्क कर इलाज के लिए प्रेरित किया जाता है और ज़रूरत पड़ने पर हर संभव मदद भी दी जाती है।

डॉक्टरों ने जताई चिंता: तनाव और आंखों की समस्या में बढ़ोत्तरी

शिविर में बच्चों का परीक्षण कर रहे डॉक्टर शौर्य सिंह ने बताया कि चेकअप के दौरान कई बच्चों में मानसिक तनाव, आंखों की समस्या और माइग्रेन की शिकायतें अधिक देखने को मिली हैं।

उन्होंने बताया कि अत्यधिक मोबाइल उपयोग बच्चों में इन समस्याओं का प्रमुख कारण बन रहा है। डॉक्टरों ने बच्चों को तनाव से दूर रहने और मोबाइल का सीमित उपयोग करने की सलाह भी दी।

जरूरत पड़ने पर बच्चों को दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

दीप प्रज्वलन कर हुआ शिविर का उद्घाटन

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक राजन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए विद्यालय प्रबंधन समय-समय पर पेरेंट्स मीटिंग आयोजित करता है।

उन्होंने बताया कि स्कूल का उद्देश्य है कि हर बच्चा स्वस्थ रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करे, इसी कड़ी में हर साल यह हेल्थ कैंप आयोजित कर बच्चों को फिटनेस सर्टिफिकेट दिया जाता है।

रिपोर्ट- एम.एम. पाठक

Also Read: UP 69 हजार शिक्षक भर्ती विवाद: आरक्षण मामले में अब सुप्रीम कोर्ट सुनाएगा फैसला, 18 नवंबर को अहम सुनवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.