ट्रंप और न्यूयॉर्क के नए मेयर ममदानी की व्हाइट हाउस में मुलाकात, इमिग्रेशन पर हुई चर्चा
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राजनीति में तीखी बयानबाजी के लिए मशहूर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क के नव-निर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी से व्हाइट हाउस में मुलाकात की। यह मुलाकात मेयर चुनाव अभियान के दौरान दोनों नेताओं के बीच चली ज़ोरदार बयानबाजी के बिल्कुल विपरीत रही, जहाँ ट्रंप ने ममदानी को कई बार कम्युनिस्ट कहकर निशाना साधा था। मुलाकात के बाद ट्रंप ने मीडिया से कहा कि बैठक बहुत अच्छी रही और उन्हें पूरा भरोसा है कि ममदानी अच्छा काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन न्यूयॉर्क को मजबूत और सुरक्षित बनाने में पूरी मदद करेगी। ट्रंप ने यह भी उम्मीद जताई कि ममदानी कुछ ऐसे काम करेंगे, जिनसे कुछ कंजर्वेटिव लोग भी हैरान हो सकते हैं। ममदानी ने भी इस मुलाकात को उपयोगी बताते हुए ट्रंप का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बातचीत में उन मुद्दों पर ध्यान दिया गया जिन पर दोनों सहमत हैं, ताकि न्यूयॉर्क की जनता की बेहतर सेवा की जा सके।
इमिग्रेशन पर कड़े रुख पर चर्चा
मुलाकात में इमिग्रेशन से जुड़े सख्त कदमों पर भी चर्चा हुई। ट्रंप ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता हत्यारों, नशा बेचने वालों और कुछ बहुत बुरे लोगों को शहर से बाहर करने पर होगी, ताकि न्यूयॉर्क सुरक्षित रह सके। ट्रंप ने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर ममदानी का रुख शायद उनसे भी कड़ा है।
चुनाव प्रचार की तल्खी भूली
यह बैठक ऐसे समय में हुई जब दोनों के बीच चुनाव प्रचार के दौरान लगातार तल्खी रही। ट्रंप ने ममदानी के एक भाषण पर भी प्रतिक्रिया दी, जहाँ ममदानी ने सीधे राष्ट्रपति को चुनौती दी थी। इस पर ट्रंप ने स्वीकार किया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने भी ममदानी पर निशाना साधा था, लेकिन अब माहौल बदल चुका है और मुलाकात दोस्ताना रही।
Also Read: Lucknow News: DM जसजीत कौर के खिलाफ जमानती वारंट जारी, 5 जनवरी को हर हाल में पेश होने का आदेश

