नूंह में ISI जासूसी रैकेट का खुलासा, NIA और पुलिस ने वकील रिजवान को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा के नूंह जिले में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के लिए जासूसी करने के आरोप में एक बड़ी गिरफ्तारी हुई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और नूंह जिला पुलिस ने तावडू उपमंडल के गाँव खरखड़ी निवासी रिजवान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
आरोपी रिजवान के खिलाफ तावडू सदर थाने में देश विरोधी गतिविधियों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि, रिजवान के परिजनों ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
डिजिटल सबूतों के आधार पर गिरफ्तारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिजवान, जो पेशे से वकील है, पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान स्थित कुछ लोगों से ऑनलाइन संपर्क किया और उनके साथ संदिग्ध वित्तीय लेन-देन किया। जांच एजेंसियों को इसकी भनक लगते ही छानबीन शुरू हुई। रिजवान के मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर उसे हिरासत में लिया गया और औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
परिजनों ने आरोपों को नकारा
रिजवान के परिजनों का कहना है कि उनके पाकिस्तान में रिश्तेदार हैं और उनसे केवल सामान्य बातचीत होती है, लेकिन रिजवान किसी भी देश विरोधी गतिविधि में शामिल नहीं है। परिजनों ने बताया कि 24 नवंबर की शाम को रिजवान सोहना कोर्ट से लौट रहा था और रास्ते में अपने ससुराल (पीपाका) रुका था, तभी पुलिस ने उसे उठा लिया।
दो दिन की पूछताछ के बाद बुधवार सुबह दिल्ली और स्थानीय पुलिस की टीम ने गाँव पहुँचकर घर की तलाशी ली और रिजवान के कमरे से कुछ दस्तावेज बरामद किए। गाँव के सरपंच अशफाक ने रिजवान को एक होशियार और काबिल वकील बताते हुए कहा कि उनके सम्मानित परिवार के खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं आई।

