सांसद जगदम्बिका पाल ने की बढ़नी रेलवे स्टेशन से देश के प्रमुख महानगरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद जगदम्बिका पाल ने आज संसद में एक अहम मुद्दा उठाया। उन्होंने शून्यकाल के दौरान जनपद के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बढ़नी रेलवे स्टेशन को देश के बड़े शहरों से जोड़ने की ज़रूरत पर जोर दिया।
सांसद पाल ने सदन में कहा कि बढ़नी रेलवे स्टेशन (स्टेशन कोड: BNY) कोई साधारण स्टेशन नहीं है। यह भारत-नेपाल सीमा पर स्थित है और अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 100 से 200 मीटर की दूरी पर है। इस वजह से यह स्टेशन नेपाल से आने वाले यात्रियों, पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और व्यापारियों के लिए भारत का एक प्रमुख प्रवेश द्वार बना हुआ है।
उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, बढ़नी स्टेशन की सामरिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्ता को देखते हुए यहाँ से देश के प्रमुख महानगरों जैसे दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता के लिए सीधी रेल सेवाएं शुरू करना अब समय की ज़रूरत है।
सांसद ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि इस कदम से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि सीमावर्ती इलाक़ों के विकास, सुरक्षा और द्विपक्षीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। उनकी इस मांग को सदन में काफी सराहा गया और इसे एक सार्थक पहल बताया गया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Siddharthnagar News: आपातकालीन मरीजों की त्वरित और प्रभावी सहायता सुनिश्चित करता है CPR विधि

