एक बार फिर पाकिस्तान की अनदेखी, ICC से जवाब मांग रहा PCB

Sandesh Wahak Digital Desk: एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मंच पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को निराशा का सामना करना पड़ा है।

दरअसल, 2026 टी20 विश्व कप से जुड़े प्रचार अभियान में पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा की तस्वीर शामिल न किए जाने पर पीसीबी ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के प्रति नाराज़गी जताई है।

खबरों के अनुसार, टी20 विश्व कप के टिकटों की बिक्री के लिए जारी किए गए आधिकारिक प्रचार पोस्टर में केवल पांच देशों के कप्तानों की तस्वीरें शामिल की गई हैं।

ICC T20 World Cup 2026

इनमें भारत के सूर्यकुमार यादव, दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श, श्रीलंका के दासुन शनाका और इंग्लैंड के हैरी ब्रूक शामिल हैं, जबकि पाकिस्तान के कप्तान को पोस्टर से बाहर रखा गया है।

PCB के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि इस मुद्दे को औपचारिक रूप से आईसीसी के समक्ष उठाया गया है। सूत्र के अनुसार, इससे पहले एशिया कप के दौरान भी इसी तरह की स्थिति सामने आई थी, जब प्रचार सामग्री में पाकिस्तानी कप्तान की तस्वीर शामिल नहीं की गई थी।

उस समय एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) से हस्तक्षेप के बाद ही मामला सुलझ पाया था।

PCB का कहना है कि भले ही पाकिस्तान फिलहाल आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पांच टीमों में शामिल न हो, लेकिन उसका क्रिकेट इतिहास समृद्ध रहा है और वह विश्व कप में हमेशा चर्चा और दर्शकों का केंद्र रहा है।

बोर्ड को उम्मीद है कि आईसीसी इस आपत्ति को गंभीरता से लेते हुए आगे के प्रचार अभियानों और पोस्टरों में पाकिस्तानी कप्तान को उचित स्थान देगा।

Also Read: Lionel Messi India Tour: फैंस को वापस मिलेगा पूरा पैसा, आयोजक ने मानी गलती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.