Lucknow News: सुरक्षा में तैनात सिपाही से बदसलूकी और पिस्टल छीनने की कोशिश, बोले शिया धर्मगुरु- सुरक्षा वापस ले लो CM योगी
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में शिया धर्मगुरु सैय्यद कल्बे जव्वाद की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी और सरकारी कार्य में बाधा का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक हिस्ट्रीशीटर पर सिपाही की गाड़ी में तोड़फोड़ करने, अभद्रता करने और सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश का आरोप लगा है। इस घटना के बाद, धर्मगुरु कल्बे जव्वाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तीखी गुहार लगाते हुए अपनी सुरक्षा वापस लेने की मांग की है।
पीड़ित सिपाही हसन मेहदी ने अपनी शिकायत में बताया कि 10 दिसंबर को वह मौलाना कल्बे जव्वाद को अमौसी एयरपोर्ट से रिसीव करने गए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल को हुसैनी टाइगर कार्यालय के पास खड़ा किया था। एयरपोर्ट से लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी मोटरसाइकिल गिरी हुई है और उसमें तोड़फोड़ की गई है। जब उन्होंने इस बारे में पूछताछ की, तो मौके पर मौजूद नकी हुसैन उर्फ अमित ने खुलेआम स्वीकार किया कि उसी ने गाड़ी गिराई और तोड़ी है।
हिस्ट्रीशीटर होने का दावा: पीड़ित सिपाही ने आरोप लगाया कि नकी हुसैन ने न सिर्फ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि खुद को चौक थाने का हिस्ट्रीशीटर भी बताया।
जान से मारने की धमकी: सिपाही के मुताबिक, आरोपी ने कहा कि उसके खिलाफ पहले से 20-25 मुकदमे दर्ज हैं, इसलिए एक और मुकदमे से उसे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उसने वर्दी उतरवा देने और जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी राजनीतिक और सत्ताधारी पहुँच होने का रौब भी दिखाया।
पिस्टल छीनने की कोशिश: हसन मेहदी ने सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नकी हुसैन ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उनकी सरकारी पिस्टल छीनने की नीयत से हाथ भी मारा।
कल्बे जव्वाद की CM योगी से अपील
अपने सुरक्षाकर्मी के साथ हुई इस अभद्रता पर शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए कहा, जब हमारी सिक्योरिटी वाले सुरक्षित नहीं हैं, तो वो हमारी क्या हिफाजत करेंगे? अगर पुलिसकर्मी के साथ हुए इस अभद्र व्यवहार के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, तो यह हमारे लिए बहुत अफसोसनाक है। इसलिए हम चाहते हैं कि हमारी सुरक्षा वापस ले ली जाए, क्योंकि उसका कोई मतलब नहीं है।”
एफआईआर दर्ज, पुलिस पर सवाल
सिपाही हसन मेहदी की तहरीर पर आरोपी नकी हुसैन उर्फ अमित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उसके खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं (जैसे 304(2), 221, 352, 351(2) और 324(4)) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मौलाना कल्बे जव्वाद के इस बयान के बाद कि उनकी सुरक्षा वापस ले ली जाए, इस पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और चौक पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित सिपाही ने यह भी कहा है कि भविष्य में उनके साथ किसी भी तरह की दुर्घटना होती है तो उसके लिए नकी हुसैन जिम्मेदार होगा।
Also Read: अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी में गोलीबारी, दो की मौत, आठ घायल

