Lucknow News: जल निगम के ठेकेदार के घर लूट, बंधक बनाकर की मारपीट

Lucknow News: लखनऊ में सोमवार रात एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है। जल निगम के ठेकेदार को उनके ही घर में बंधक बनाकर बदमाशों ने बेरहमी से पीटा और लाखों की लूट को अंजाम दिया। विरोध करने पर ठेकेदार का सिर फोड़ दिया गया और घर से नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए गए।

देर रात घर में घुसे चार बदमाश

दरअसल ये घटना घटना पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर स्थित आदर्श विहार कॉलोनी की बताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, यहां रहने वाले ठेकेदार पिंटू शर्मा के घर सोमवार रात चार बदमाश घुसे। उस समय उनकी पत्नी मायके गई हुई थी और पिंटू घर में अकेले थे। बदमाशों ने घर में घुसते ही उनसे सारे जेवर और घर में मौजूद नकदी सौंपने को कहा।

वहीं जब पिंटू शर्मा ने बदमाशों की मांग मानने से इनकार किया तो चारों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने जमकर मारपीट की, जिसमें पिंटू का सिर फूट गया। इसके बाद उन्हें बंधक बनाकर पूरे घर की तलाशी ली गई और अलमारी समेत अन्य जगहों को खंगाला गया।

Lucknow News

असलहा सटाकर छीनी अलमारी की चाबी

पीड़ित के अनुसार बदमाश असलहा लेकर आए थे। मारपीट के बाद उन्होंने पिंटू की कमर पर हथियार सटाकर अलमारी की चाबी छीन ली। इसके बाद अलमारी में रखे करीब 5 लाख रुपए नकद और सोने के जेवर निकाल लिए। बदमाश लगभग डेढ़ तोले की सोने की चेन, करीब 7 ग्राम अन्य जेवरात और 5 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए।

वहीं इस पूरी घटना की जानकारी पारा थाना पुलिस को दी गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

किराएदार के बॉयफ्रेंड पर शक

पीड़ित पिंटू शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि उनके घर की दूसरी मंजिल पर शकुंतला विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा किराए पर रहती थी, जिससे अक्सर विवाद होता था। दो महीने पहले उससे कमरा खाली करवा लिया गया था और उसने एक महीने का किराया भी नहीं दिया था। पीड़ित के मुताबिक छात्रा से मिलने अक्सर उसका बॉयफ्रेंड अनुज आता था। पिंटू शर्मा ने आरोप लगाया है कि हमलावरों में अनुज भी शामिल था।

 

Also Read: Mathura News: 13 हुई यमुना एक्सप्रेस-वे हादसे में मरने वालों की संख्या, 66 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.