पाकिस्तान में पुलिस वैन पर आतंकी हमला, 5 जवानों की दर्दनाक मौत, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (KP) प्रांत में पुलिस बलों पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को करक जिले के गुरगुरी इलाके में आतंकवादियों ने पुलिस की एक गाड़ी (मोबाइल वैन) को निशाना बनाया, जिसमें 5 पुलिसकर्मियों की जान चली गई। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस की गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और जिला पुलिस प्रवक्ता शौकत खान के मुताबिक, आतंकियों ने पुलिस वैन पर उस वक्त घात लगाकर हमला किया जब वह गश्त पर थी। इस हमले में चार कांस्टेबलों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मारे गए जवानों में शाहिद इकबाल, समीउल्लाह, आरिफ, सफदर और मोहम्मद अबरार शामिल हैं। इनमें वाहन का चालक भी शामिल था, जो अपनी ड्यूटी निभाते हुए शहीद हो गया।

घटना के बाद सोशल मीडिया और मीडिया घरानों द्वारा साझा की गई तस्वीरों में पुलिस का वाहन बुरी तरह जला हुआ और मलबे में तब्दील नजर आ रहा है। हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबलों की एक बड़ी टुकड़ी ने पूरे गुरगुरी इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

पीएम शहबाज शरीफ ने जताया दुख

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान में उन्होंने शहीद जवानों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है।

Also Read: महिला क्रिकेटरों की हुई चांदी, घरेलू मैच फीस में हुई बंपर बढ़ोत्तरी, अंपायरों को भी मिलेगा बड़ा फायदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.