Siddharthnagar News: महिला थाने ने 7 बिछड़ते जोड़ों को मिलाया, मनमुटाव दूर कर एक साथ किया विदा

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद स्थित महिला थाना ‘मिशन शक्ति केंद्र’ ने रविवार को एक सराहनीय मिसाल पेश की। पुलिस की सूझबूझ और प्यार भरी काउंसलिंग के चलते 7 विवादित जोड़ों ने अपने पुराने गिले-शिकवे भुला दिए और एक-दूसरे का हाथ थामकर खुशी-खुशी घर लौट गए।

यह सफलता पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के मार्गदर्शन और महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय के नेतृत्व में किए गए प्रयासों का परिणाम है। काउंसलिंग टीम ने विवादों में उलझे इन परिवारों को अलग-अलग बुलाकर उनकी बातें सुनीं और उन्हें परिवार व रिश्तों की अहमियत समझाई। अंततः दोनों पक्षों ने आपसी विवाद खत्म कर साथ रहने का फैसला किया।

इन परिवारों के आंगन में लौटी खुशियाँ

बिखरने से बचाए गए इन परिवारों में शोहरतगढ़ से लेकर बांसी, लोटन, इटवा और त्रिलोकपुर जैसे इलाकों के जोड़े शामिल थे। खुशी के इस मौके पर थाना परिसर में ही जोड़ों को मिठाई खिलाई गई और उन्हें सुखद भविष्य की शुभकामनाएं देकर विदा किया गया। एक साथ विदा होने वाले जोड़ों में प्रमुख नाम ये हैं।

समसाद और उनकी पत्नी (थाना शोहरतगढ़)

अर्चना पाठक और मनमोहक पाठक (थाना बांसी)

जानकी और विनोद (थाना लोटन)

साधना और उनके पति (थाना इटवा)

दिपिका और संतोष (थाना ढेबरुआ)

दीपमाला और सूरत नारायण (थाना शोहरतगढ़)

कविता और नरेन्द्र (थाना त्रिलोकपुर)

इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय के साथ काउंसलिंग टीम की महिला आरक्षी आशा गौड़, प्रियंबदा सिंह, शिवानी सिंह और संगीता का विशेष योगदान रहा। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य न केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, बल्कि समाज और परिवार में शांति और समन्वय स्थापित करना भी है। पुलिस की इस मानवीय पहल की पूरे जिले में सराहना हो रही है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.