Amroha News: लड़कों ने स्कूल में बुर्का पहनकर किया डांस, वीडियो वायरल
Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक प्राइवेट स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर आरोप है कि स्कूल में आयोजित कार्निवाल कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने बुर्का पहनकर इस्लाम धर्म और मुस्लिम धार्मिक पहचान का मजाक उड़ाते हुए आपत्तिजनक डांस किया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है और लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
मुस्लिम कमेटी ने की कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद मुस्लिम कमेटी अमरोहा के नेता मंसूर अहमद एडवोकेट ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने स्कूल की मान्यता रद्द करने के साथ-साथ कार्यक्रम में शामिल छात्रों और स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है और समाज में गलत संदेश जाता है।
वायरल वीडियो अमरोहा के मेस्को पब्लिक स्कूल का बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर किसी मुस्लिम स्कूल में ही इस्लाम और बुर्के का इस तरह मजाक उड़ाया जाएगा, तो इसका असर समाज पर नकारात्मक पड़ेगा। इसी वजह से विरोध लगातार तेज होता जा रहा है।
प्रिंसिपल ने जारी किया खेद पत्र
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रिंसिपल की ओर से एक पत्र सार्वजनिक तौर पर जारी किया गया है। पत्र में इस तरह के कार्यक्रम पर खेद व्यक्त किया गया है और यह भरोसा दिलाया गया है कि आगे से किसी भी आयोजन में इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही स्कूल प्रशासन ने नियमों के तहत जिम्मेदार छात्रों पर कार्रवाई की बात भी कही है।
वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि कुछ छात्र बुर्का पहनकर फिल्म धुरंधर के एक गाने पर डांस कर रहे हैं। यह वीडियो टीम राइजिंग फाल्कन द्वारा शेयर किया गया बताया जा रहा है। विरोध करने वालों का कहना है कि वीडियो में कथित तौर पर हिजाब और मुस्लिम धार्मिक पहचान का मजाक उड़ाया गया है, जो स्वीकार्य नहीं है।
पहले भी विवादों में रहा है स्कूल
वीडियो शेयर करते हुए पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि यह कार्यक्रम अमरोहा के मेस्को पब्लिक स्कूल में हुआ था, जो पहले भी विवादों में रह चुका है। पोस्ट में लिखा गया है कि बुर्का पहनकर गाने पर नाचते युवाओं का यह वीडियो सीधे तौर पर मुस्लिम धार्मिक पहचान का मजाक उड़ाने जैसा है। फिलहाल वीडियो को लेकर विवाद जारी है और प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।
Also Read: नए साल पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, पुलिस कांस्टेबल के 32,679 पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी

