यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट तेज, दिल्ली में CM योगी ने PM मोदी से की मुलाकात
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों दिल्ली के दौरे पर हैं, जहाँ उनकी मुलाकातों के दौर ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। सोमवार को मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस मुलाकात की तस्वीर साझा की है।
पीएम मोदी और शाह के बाद अब नितिन नबीन से ‘खास’ मुलाकात
पीएम मोदी से मिलने के बाद सीएम योगी गृहमंत्री अमित शाह से भी चर्चा करेंगे। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ होने वाली उनकी प्रस्तावित मुलाकात की है। भाजपा सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी सीएम योगी के साथ पहली औपचारिक मुलाकात होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में यूपी सरकार के संभावित कैबिनेट विस्तार का ब्लू प्रिंट तैयार किया जा सकता है।
नए चेहरों को मिल सकती है जगह
यूपी में कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं काफी समय से चल रही हैं। हाल ही में पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संगठन और सरकार के बीच नए सिरे से तालमेल बिठाने की कवायद शुरू हुई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिए कुछ नए और युवा चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी संभावना है।
संगठन और सरकार का तालमेल
इससे पहले लखनऊ में सीएम आवास पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ लंबी बैठक हो चुकी है। अब दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ इन बैठकों का उद्देश्य आगामी चुनावों और प्रशासनिक कसावट को ध्यान में रखते हुए टीम योगी को नया स्वरूप देना है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी कैबिनेट विस्तार की तारीख की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दिल्ली की इन बैठकों ने साफ कर दिया है कि जल्द ही लखनऊ में शपथ ग्रहण समारोह की हलचल देखने को मिल सकती है।
Also Read: यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: सुल्तानपुर मुठभेड़ में लखीमपुर का इनामी बदमाश ढेर

