प्रयागराज में CM योगी ने लॉन्च किया माघ मेला सर्विस ऐप, विपक्ष पर साधा निशाना

Sandesh Wahak Digital Desk: माघ मेला-2026 की व्यवस्थाओं को परखने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को संगम तट पर ‘डिजिटल सेवा’ की शुरुआत की। उन्होंने ‘माघ मेला सर्विस ऐप’ को लॉन्च किया, जो दुनिया भर से आने वाले श्रद्धालुओं को मेले में रास्ता दिखाने और सुविधाएं खोजने में मदद करेगा।

गंगा में डुबकी और हनुमत दर्शन

सीएम योगी ने सबसे पहले त्रिवेणी संगम में पावन डुबकी लगाई। उन्होंने कहा, “आज गंगा जल इतना निर्मल है कि स्नान की दिव्य अनुभूति हो रही है। 8-10 साल पहले ऐसी निर्मलता मुमकिन नहीं थी।” इसके बाद उन्होंने लेटे हुए हनुमान जी के दर्शन किए और गौ-सेवा भी की। मुख्यमंत्री जगद्गुरु रामानंदाचार्य की 726वीं जयंती के कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने संत समाज की शक्ति का लोहा माना।

राम मंदिर का जिक्र और पीएम मोदी की तारीफ

संतों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पूज्य संतों की साधना और एकता का ही नतीजा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए कहा देश में कई प्रधानमंत्री हुए, लेकिन भारत की मूल आत्मा को सम्मान दिलाने का भाव सिर्फ मोदी जी के मन में था। उन्होंने कहा कि मोदी जी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो मंदिर के शिलान्यास से लेकर प्राण-प्रतिष्ठा और ध्वज-पताका फहराने तक, हर शुभ घड़ी में खुद मौजूद रहे।

‘मुंह पर फेविकोल क्यों?’

मुख्यमंत्री ने धर्मनिरपेक्षता (Secularism) के नाम पर राजनीति करने वाले दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने बांग्लादेश में हो रही हिंसा का जिक्र करते हुए कहा “बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा है, उस पर इन लोगों की जुबान नहीं खुल रही। ऐसा लगता है जैसे इनके मुंह पर किसी ने फेविकोल चिपका दिया है। कोई कैंडल मार्च नहीं निकल रहा। यह खामोशी हम सबके लिए एक चेतावनी है।”

नमामि गंगे और दिव्य स्नान

सीएम ने कहा कि जब देश की सत्ता में ‘गंगा भक्त’ और ‘राम भक्त’ बैठते हैं, तभी ऐसे पावन अवसर और गंगा की ऐसी निर्मलता देखने को मिलती है। उन्होंने नमामि गंगे अभियान को प्रधानमंत्री मोदी की गंगा के प्रति सच्ची कृतज्ञता बताया। अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले एक-एक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।

Also Read: पुलिस ने रोका तो सड़क पर चंद्रशेखर आजाद ने लगा दी दौड़, दलित महिला की हत्या के बाद भारी तनाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.