Lucknow News: मड़ियांव में अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ खुलासा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के उत्तरी जोन की मड़ियांव पुलिस टीम ने शुक्रवार रात एक शातिर युवक को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने एक विदेशी डिजाइन की अवैध पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 9 जनवरी की रात को मड़ियांव पुलिस की टीम राम-राम चौकी क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि मड़ियांव पुल के नीचे एक युवक अवैध असलहे के साथ खड़ा है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान
तलाशी लेने पर युवक के पास से खतरनाक हथियार बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद कामरान (23) निवासी पजाया, बिलाली मस्जिद के पास, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ बताया। युवक पेशे से कार का मैकेनिक है।

क्या-क्या हुआ बरामद?
01 अवैध पिस्टल (7.65 बोर)
02 जिंदा कारतूस (7.65 बोर)
02 जिंदा कारतूस (9 एमएम बोर)
हथियार रखने की वजह जानकर पुलिस भी हैरान
पुलिस की पूछताछ में आरोपी कामरान ने बताया कि वह कोई पेशेवर अपराधी नहीं है, बल्कि उसने यह अवैध पिस्टल और कारतूस सिर्फ ‘शौक’ पूरा करने और टशन दिखाने के लिए अपने पास रखे थे। हालांकि, पुलिस उसके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी बड़ी वारदात की फिराक में तो नहीं था।
मड़ियांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट (धारा 3/5/7/25) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक नितिन कुमार, शुभम तिवारी और उनके साथी शामिल रहे।
Also Read: प्रयागराज में CM योगी ने लॉन्च किया माघ मेला सर्विस ऐप, विपक्ष पर साधा निशाना

