PM मोदी ने पहली वंदे भारत स्लीपर को दिखाई हरी झंडी, अब रात का सफर होगा और भी आलीशान

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय रेलवे के इतिहास में आज एक सुनहरा पन्ना जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन किया। अब तक हम वंदे भारत को केवल चेयरकार के रूप में जानते थे, लेकिन अब लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन किसी चलते-फिरते आलीशान होटल से कम नहीं होगी।

उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री ने ट्रेन में मौजूद छात्रों और लोको पायलटों से बातचीत की और देश को इस आधुनिक सौगात की बधाई दी। यह ट्रेन पूरी तरह आधुनिक तकनीक और यात्रियों के आराम को केंद्र में रखकर बनाई गई है। ट्रेन के अंदर का माहौल भारतीय संस्कृति की झलक पेश करता है। बर्थ की कुशनिंग इतनी आरामदायक है कि लंबी यात्रा में भी थकान महसूस नहीं होगी। ट्रेन में UVC डिसइंफेक्टेंट टेक्नोलॉजी लगाई गई है। यह सिस्टम हवा में मौजूद वायरस और बैक्टीरिया को खत्म कर देता है। यानी अगर किसी यात्री को सर्दी-जुकाम है, तो संक्रमण फैलने का खतरा न के बराबर होगा। यह ट्रेन 180 किमी/घंटा की अधिकतम रफ्तार तक दौड़ सकती है (सामान्य परिचालन 130 किमी/घंटा)। सुरक्षा के लिए इसमें कवच सिस्टम लगाया गया है, जो हादसों को रोकने में सक्षम है।

वंदे भारत स्लीपर को उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो रात भर के सफर के बाद सुबह तरोताजा होकर अपनी मंजिल पर पहुंचना चाहते हैं। यात्रियों को हाई-क्वालिटी कंबल, बेडरोल और बेहतरीन कैटरिंग सर्विस मिलेगी। कोच के निर्माण में ऐसी तकनीक का उपयोग हुआ है जो बाहर के शोर को अंदर नहीं आने देती, जिससे यात्री चैन की नींद ले सकें। इस ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इनमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल है।

Also Read: तड़के 4 बजे महाकाल के दरबार पहुंचे विराट कोहली, कुलदीप यादव के साथ भस्म आरती में हुए शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.