कुशीनगर: समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, DM-SP ने बाल विवाह मुक्त भारत की दिलाई शपथ
पडरौना, कुशीनगर: जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को पडरौना तहसील सभागार में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने खुद मोर्चा संभालते हुए फरियादियों की शिकायतों को एक-एक कर सुना। इस दौरान अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।

54 अर्जियों में से सिर्फ 6 का मौके पर फैसला
समाधान दिवस के दौरान तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग अपनी उम्मीदें लेकर पहुंचे। कुल 54 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश मामले जमीन और पुलिस से जुड़े थे।
राजस्व विभाग: 31 मामले (06 का मौके पर निस्तारण)
पुलिस विभाग: 12 मामले
विकास विभाग: 08 मामले
अन्य: 03 मामले
मौके पर केवल 6 मामलों का ही समाधान हो सका, जबकि शेष 48 प्रकरणों को संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए भेज दिया गया है।
लापरवाही पर मिलेगी कड़ी सजा
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। वहीं, एसपी केशव कुमार ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण जांच पर विशेष जोर दिया।
बाल विवाह के खिलाफ छिड़ी मुहिम
न्याय की चौपाल के साथ-साथ समाज को जागरूक करने की पहल भी दिखी। डीएम और एसपी ने वहां मौजूद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ की शपथ दिलाई। इस दौरान जिलाधिकारी ने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत करते हुए बोर्ड पर अपने हस्ताक्षर किए और लोगों से इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने की अपील की।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
इस अवसर पर परियोजना निदेशक पीयूष, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चन्द्र प्रकाश, बीएसए राम जियावन मौर्य, उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी ऋषभ पुंडीर, समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से ग्रामीणों में अपनी समस्याओं के हल होने की नई उम्मीद जगी है।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: बरेली: फतेहगंज पश्चिमी पुलिस का नशे के सौदागरों पर प्रहार, स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

