Lucknow News: महाशिवरात्रि पर भारत की जीत के लिए हुआ भव्य हवन और 5100 दीपों का दान
Lucknow News: महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर राजधानी लखनऊ के गोमती तट पर एक भव्य आध्यात्मिक और देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्र की उन्नति और खेल के मैदान में भारत की ऐतिहासिक जीत के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
मैदान में उतरने जा रहे भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए संगठन के पदाधिकारी तिरंगा और भगवा ध्वज लेकर गोमती तट पर एकत्र हुए। गोपाल राय ने कहा, आज महाशिवरात्रि का पर्व है, जो नकारात्मकता के अंत और विजय का प्रतीक है। हमारे जांबाज खिलाड़ियों के साथ पूरे देश की दुआएं और महादेव का आशीर्वाद है। हमें पूरा विश्वास है कि टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएगी।

5100 दीपों से रोशन हुआ गोमती तट
भगवान शिव की आराधना के साथ-साथ यहाँ 5100 दीपों का दिव्य दीपदान किया गया। दीपों की इस रोशनी ने वातावरण को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही 21 विद्वान ब्राह्मणों के सान्निध्य में भव्य हवन और यज्ञ संपन्न हुआ, जिसकी आहुतियों के साथ राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
गोपाल राय ने जानकारी दी कि यह पूरा आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के माँ गोमती पुनर्जीवन मिशन संकल्प के अंतर्गत किया गया है। इसका उद्देश्य नदी की स्वच्छता और उसके आध्यात्मिक महत्व को पुनर्जीवित करना है। हवन की पवित्र अग्नि और महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं में देशभक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनूठा उत्साह देखने को मिला।
Also Read: SantKabir Nagar News: एम. आज़ाद मॉडल स्कूल बनेथू में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

