असम में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, पूर्व चीफ भूपेन बोरा भाजपा में शामिल
Sandesh Wahak Digital Desk: असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस की जमीन हिल गई है। असम कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गए हैं। रविवार को असम बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली।
भूपेन बोरा के बीजेपी में जाने की पटकथा कुछ दिन पहले ही लिखी जा चुकी थी। हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के साथ दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। हालांकि, उस वक्त उन्होंने इसे महज एक शिष्टाचार भेंट बताया था, लेकिन आज की तस्वीर ने साफ कर दिया कि पर्दे के पीछे खिचड़ी पक चुकी थी।
राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप
बीजेपी में शामिल होने के बाद बोरा ने कांग्रेस नेतृत्व, खासकर राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने खुलासा किया कि जब उन्होंने पार्टी के भीतर हो रहे अपने अपमान की बात राहुल गांधी को बताई, तो राहुल का जवाब बेहद चौंकाने वाला था। बोरा के मुताबिक, राहुल ने उनसे कहा कि अपमानित तो मैं (राहुल) भी महसूस करता हूँ। बोरा ने भावुक होते हुए कहा कि वह कांग्रेस में लगातार हो रहे तिरस्कार को अब और बर्दाश्त नहीं कर सकते थे, इसीलिए उन्होंने इस्तीफा दिया।
भूपेन बोरा को रोकने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने अपनी पूरी ताकत लगा दी थी। राहुल गांधी ने खुद उन्हें फोन कर समझाने की कोशिश की, और पार्टी के कई दिग्गज नेता उनके घर के चक्कर काटते रहे। लेकिन बाजी तब पलट गई जब अगले ही दिन मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा खुद बोरा के घर पहुंचे और ऐलान कर दिया कि भूपेन अब भाजपा के सिपाही होंगे।
Also Read: ट्रंप ने बढ़ाई टैरिफ की दर, अब आयातित सामान पर लगेगा 15% वैश्विक शुल्क

