कुशीनगर: पडरौना में चोरों का तांडव, पुलिस चौकी के पास से 3 लाख की चोरी, स्कूल से खिड़की-दरवाजे गायब

पडरौना (कुशीनगर)। पडरौना कोतवाली क्षेत्र में इन दिनों चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने न केवल व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बल्कि सरकारी स्कूलों को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शहर के मुख्य चौराहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बेखौफ चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

सरकारी स्कूल बना असामाजिक तत्वों का अड्डा

18 फरवरी को चोरों ने भटवलिया कंपोजिट (रामकोला रोड) स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के भवन की चौखट और जंगले उखाड़ लिए। चोरों ने भवन के दूसरे हिस्सों को भी नुकसान पहुंचाया है।

ग्रामीणों और शिक्षकों का आरोप है कि विद्यालय परिसर शाम ढलते ही शराबियों, जुआरियों और गांजा पीने वालों का अड्डा बन जाता है। यहां ताले तोड़ना और परिसर को नुकसान पहुंचाना अराजक तत्वों की दिनचर्या बन गई है।

कोतवाल का कहना है कि विद्यालय प्रशासन और ग्राम प्रधान की शिकायत पर दबिश दी जा रही है और परिसर में संदिग्धों को न आने की सख्त हिदायत दी गई है।

पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बड़ी चोरी

स्थान: सुभाष चौक, नेशनल हाईवे (मिठाई महल व कैलोरी किचेन)।

मिली जानकारी के अनुसार 21-22 फरवरी की मध्य रात्रि में अज्ञात चोरों ने 15 फीट ऊंचे शीशे के स्लाइडर के रास्ते दुकान में प्रवेश किया। चोरों ने दुकान से 2 लाख रुपये नकद, सीसीटीवी का डीबीआर (DVR) और कीमती मिठाइयां सहित कुल 3 लाख रुपये का माल पार कर दिया। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीबीआर ही उड़ा लिया, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो गई है। दुकानदार अंकित सिंह ने कोतवाली पुलिस और सुभाष चौक पुलिस चौकी में तहरीर देकर जल्द खुलासे की मांग की है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

शहर के मुख्य चौराहे, जहां पुलिस की कड़ी चौकसी होनी चाहिए, वहां ऐसी चोरी की घटना ने स्थानीय व्यापारियों में भय पैदा कर दिया है। पडरौना नगर की ‘नाक’ कहे जाने वाले सुभाष चौक पर हुई इस वारदात के बाद से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस अब तक किसी भी घटना का खुलासा करने में नाकाम रही है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: झारखंड से बरेली तक अफीम की तस्करी: ANTF ने 23 लाख की अफीम के साथ 2 तस्करों को दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.