Lucknow News : दिल दहला देने वाली घटना: बेटे ने लाठी-डंडों से पीटकर की पिता की हत्या

Lucknow News : लखनऊ से एक बार फिर रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

मोहनलालगंज क्षेत्र की घटना

यह घटना लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक 17 वर्षीय लवकुश पर आरोप है कि उसने अपने 45 वर्षीय पिता के सिर पर लाठी-डंडों से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे घरेलू विवाद की वजह हो सकती है। फिलहाल आरोपी घर से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

हत्या के पीछे क्या थी वजह

इस मामले में शुरुआत में यह बात सामने आई थी कि पिता बेटे पर पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का दबाव डालते थे, जिससे नाराज होकर बेटे ने यह कदम उठाया। हालांकि बाद में यह भी सामने आया कि मां की मौत के बाद से बेटे और पिता के रिश्तों में काफी तनाव था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। कभी माता-पिता का सहारा माने जाने वाले बेटे द्वारा इस तरह की घटनाएं सामने आने से समाज में चिंता बढ़ती जा रही है। फिलहाल मोहनलालगंज की घटना में पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

कुछ दिन पहले भी सामने आया था ऐसा ही मामला

हाल ही में लखनऊ के आशियाना इलाके में भी एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया था। उस मामले में बेटे अक्षत प्रताप सिंह ने अपने कारोबारी पिता मानवेन्द्र सिंह की हत्या कर दी थी।

बताया गया था कि अक्षत ने अपने पिता को उनकी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारी और फिर शव के टुकड़े कर दिए। शव को छिपाने के लिए उसने घर में रखे एक ड्रम का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने बाद में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया था।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.