होली मिलन और रोजा इफ्तार के आयोजन से आपसी प्रेम और सद्भाव फैलता है: मणेन्द्र मिश्रा
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आज रंगों का उत्सव और इबादत का महीना एक साथ नजर आए। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में बजहा क्षेत्र में होली मिलन और रोजा इफ्तार का शानदार आयोजन किया गया।

सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से सटे बजहा क्षेत्र के बीएम पब्लिक स्कूल में आयोजित होली मिलन समारोह में लोगों ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर इस त्योहार को मनाया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों से लेकर स्थानीय शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मणेन्द्र मिश्रा ने इस मौके पर कहा, त्योहार केवल रस्म नहीं, बल्कि प्रेम और सद्भाव फैलाने का माध्यम हैं। होली हमारी आपसी कटुता को दूर कर रिश्तों में मिठास घोलती है।

सोशल मीडिया क्रिएटर्स का सम्मान
कार्यक्रम में एक नई पहल भी देखने को मिली। बुद्ध कालीन स्थल कपिलवस्तु और सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक महत्ता को सोशल मीडिया के जरिए बढ़ावा देने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया। बेहतर वीडियो कंटेंट बनाने के लिए क्रिएटर्स को ‘वीडियो रिकॉर्डिंग किट’ भेंट की गई, ताकि क्षेत्र की विरासत को दुनिया के सामने और बेहतर ढंग से रखा जा सके।

बजहा चौराहे पर एक साथ इफ्तार
शाम होते ही बजहा चौराहे पर रोजा इफ्तार का आयोजन हुआ, जो हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बन गया। यहाँ मुस्लिम भाइयों के साथ हिंदू समाज के लोग भी दस्तरखान पर नजर आए। सभी ने मिलकर भाईचारे और शांति के लिए दुआ की। इस आयोजन में शकील शाह (जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक), राकेश दूबे, अब्दुल कलाम आजाद, इंद्र कुमार, अजय चौरसिया सहित समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: SIR के खिलाफ Mamata Banerjee का अनोखा प्रदर्शन, ड्राइंग बनाकर जताया विरोध

