अविमुक्तेश्वरानंद ने किया गौ पूजन, बोले- गौ सेवा ही भारतीय संस्कृति का आधार
Lucknow News: गोमतीनगर के ग्राम जगपाल खेड़ा (मजरा भरवारा) स्थित शिवराम दुलार गौशाला में आज विशेष उल्लास का माहौल रहा। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौशाला का भ्रमण किया और वहां मौजूद गौमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने गायों को माला पहनाई और बड़े स्नेह से उन्हें मिष्ठान्न व फल खिलाए।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि भारतीय सभ्यता और संस्कृति में गौमाता का स्थान सर्वोच्च है। उन्होंने जोर देकर कहा, हमें केवल पूजा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गौशालाओं में गायों के बेहतर संरक्षण और रहने की उचित व्यवस्था करनी चाहिए। गौमाता की सेवा-सुश्रुषा के साथ-साथ उनके समय पर इलाज और चिकित्सा उपचार की पुख्ता व्यवस्था होना भी हमारी जिम्मेदारी है।

मूक-बधिर बच्चों की उपस्थिति ने बढ़ाया गौरव
कार्यक्रम की एक खास बात स्थानीय डीफ स्कूल के मूक-बधिर बच्चों की मौजूदगी रही। इन बच्चों ने शंकराचार्य के सानिध्य में गौ-सेवा का अनुभव लिया, जो बेहद भावुक कर देने वाला पल था। गौशाला के संचालक अनुराग मिश्र ने शंकराचार्य का भव्य स्वागत और सम्मान किया। इस मांगलिक कार्यक्रम में डॉ. रमेश दीक्षित, पूर्व विधायक राजेन्द्र यादव, पूजा शुक्ला, सभासद ममता रावत, पंडित अरुण मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह, अभिषेक दीक्षित और अतहर हुसैन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Also Read: Swami Avimukteshwarananda Case में सुनवाई टली, जानें वजह

