UP STF की हरियाणा में बड़ी कार्रवाई, आजमगढ़ का 50 हजारी गैंगस्टर राहुल यादव फरीदाबाद से गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाते हुए अंतर्राज्यीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ लखनऊ की टीम ने आजमगढ़ के देवगांव थाने से वांछित और 50,000 रुपये के इनामी शातिर अपराधी राहुल यादव को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। राहुल यादव पर गैंगस्टर एक्ट सहित लूट और डकैती के दर्जनों मामले दर्ज हैं।

फरीदाबाद में काट रहा था फरारी

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में उप-निरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी की टीम फरार अपराधियों की तलाश में हरियाणा में सक्रिय थी। एसटीएफ को सूचना मिली कि राहुल यादव फरीदाबाद के थाना डी.एल.एफ. क्राइम ब्रांच के पास छिपा हुआ है। टीम ने तत्काल घेराबंदी की और 01 अप्रैल की शाम करीब 7:15 बजे उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने परिवार से दूर हरियाणा में छिपकर रह रहा था।

जुर्म की दुनिया का पुराना खिलाड़ी

पूछताछ में राहुल यादव ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2018 से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय है। वह अपने गिरोह के साथ मिलकर आजमगढ़ के विभिन्न थाना क्षेत्रों (बरदह, देवगांव, तहबरपुर, गंभीरपुर और कोतवाली) में लूट, चोरी और डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। वर्ष 2023 और 2024 में उसके विरुद्ध देवगांव थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे, जिसमें वह फरार चल रहा था।

14 मुकदमों का लंबा आपराधिक इतिहास

राहुल यादव के खिलाफ आजमगढ़ के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं।

लूट व डकैती: थाना कोतवाली, बरदह और देवगांव में लूट और चोरी के कई मामले।

हत्या का प्रयास: थाना बरदह और तहबरपुर में धारा 307 (IPC) के तहत मुकदमे।

गैंगस्टर एक्ट: देवगांव और कोतवाली आजमगढ़ में तीन बार गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई।

आर्म्स एक्ट: अवैध हथियार रखने के मामले में भी वह कई बार नामजद हुआ।

एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त को आजमगढ़ के देवगांव थाने में दाखिल कर दिया है। स्थानीय पुलिस अब उसके गिरोह के अन्य सदस्यों और अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जांच कर रही है।

Also Read: Lucknow News: पाक्सो एक्ट का वारंटी अभियुक्त ‘लकी राज’ गिरफ्तार, पुलिस ने घर से दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.