फतेहगढ़ साहिब में खंभे से टकराकर पलटी श्रद्धालुओं की बस, करंट और टक्कर से 6 की मौत, 15 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई है। बैसाखी के पावन अवसर पर आनंदपुर साहिब में नतमस्तक होकर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ गांव हिम्मतपुरा के पास यह हादसा हुआ। श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई और पलट गई। इस हादसे में 6 लोगों की जान चली गई है, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
बस में सवार यात्रियों के अनुसार, गांव मैण माजरी के रहने वाले करीब 40 श्रद्धालु बस में सवार थे। जैसे ही बस गांव हिम्मतपुरा के पास पहुंची, अचानक इसमें तकनीकी खराबी आ गई। अनियंत्रित बस सड़क किनारे लगे बिजली के ऊंचे खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि खंभा टूट गया और बस में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।
फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी डॉ. शुभम अग्रवाल ने बताया कि यह दुर्घटना देर रात हुई। सबसे दुखद बात यह है कि श्रद्धालु अपने गांव से महज 1.5 किलोमीटर दूर थे। अगर बस कुछ मिनट और चल जाती, तो सभी सुरक्षित अपने घर पहुंच जाते। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया है। 12 घायलों का इलाज मोरिंडा और 9 का फतेहगढ़ साहिब में चल रहा है।
गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ PGI भेजा गया है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। बठिंडा की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
Also Read: MP Board Results 2026: बस कुछ देर में जारी होगा एमपी बोर्ड का रिजल्ट, जानिए कैसे देखें अपनी मार्कशीट

