‘विपक्षी नेताओं को भी अपनी पत्नियों के पैर छूने चाहिए’, संसद में रवि किशन की बात सुनकर लगे ठहाके

Sandesh Wahak Digital Desk: महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों पर चर्चा के दौरान संसद का माहौल शुक्रवार को तब बेहद दिलचस्प हो गया, जब अभिनय की दुनिया से राजनीति में आए दो सांसदों ने अपनी बात रखी। जहाँ हेमा मालिनी ने अपने फिल्मी किरदारों के जरिए महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की, वहीं रवि किशन ने अपनी निजी जिंदगी का एक ऐसा राज खोला कि सदन ठहाकों से गूँज उठा।

“जब पत्नी गहरी नींद में होती है, तब पैर छूता हूं”

गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हुए अपनी सफलता का श्रेय अपनी धर्मपत्नी को दिया। उन्होंने कहा “जब मैं सिनेमा में संघर्ष कर रहा था, तब गरीबी में मेरी पत्नी मेरे साथ खड़ी रहीं। मुझे मिलने वाले लाखों वोटों में से एक-डेढ़ लाख वोट मेरी धर्मपत्नी की मेहनत से आते हैं।”

रवि किशन ने मजाकिया लहजे में विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “विपक्षी नेताओं को भी अपनी पत्नियों के पैर छूने चाहिए। तभी वे रवि किशन बनेंगे और दुनिया उन्हें जानेगी।” उन्होंने आगे कहा, “मेरी पत्नी मुझे पैर नहीं छूने देतीं, इसलिए जब वह गहरी नींद में होती हैं, तब मैं चुपके से उनके पैर छूता हूँ।” इस बात पर सदन में मौजूद सभी सदस्य अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

ग्रामीण महिलाओं को दी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा

मथुरा से सांसद और ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल कानून से नहीं बल्कि समाज की सोच बदलने से होगा। उन्होंने अपने फिल्मी सफर को याद करते हुए कहा एक समय था जब फिल्मों में लड़कियां काम नहीं करती थीं और पुरुष ही महिलाओं के कपड़े पहनते थे। मैंने अभिनेत्री और नृत्यांगना के रूप में बहुत संघर्ष किया है।

हेमा ने कहा कि ‘सीता और गीता’ की गीता और ‘शोले’ की तांगा चलाने वाली ‘बसंती’ जैसे उनके किरदारों ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने सभी दलों से अपील की कि राजनीति से ऊपर उठकर इस बिल का समर्थन करें क्योंकि यह हर उस महिला के सम्मान की लड़ाई है जो अपनी पहचान बनाना चाहती है।

Also Read: Azamgarh News: 20 हजार घूस लेते दरोगा गिरफ्तार, मुकदमे से नाम हटाने के एवज में मांगी थी रकम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.