Kanpur News: दवा कारोबारी ने अपनी 11 वर्षीय जुड़वा बेटियों की गला रेतकर की हत्या, हिरासत में आरोपी
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में रविवार तड़के दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रहने वाले एक दवा कारोबारी ने अपनी ही दो मासूम जुड़वा बेटियों की गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी। सनसनीखेज बात यह है कि जब पिता इस वारदात को अंजाम दे रहा था, तब पत्नी और बेटा बगल के कमरे में सो रहे थे। उन्हें घटना की भनक तब लगी जब पुलिस ने घर पहुंचकर उन्हें जगाया।
दवा कारोबारी शशि रंजन मिश्रा अपने परिवार के साथ त्रिमूर्ति अपार्टमेंट फेज-2 के एक किराए के फ्लैट में पिछले 8 साल से रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, हत्या शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच की गई। मौके से पुलिस को एक स्टील का भारी चापड़ बरामद हुआ है, जिससे बच्चियों का गला रेता गया। आरोपी पिता ने सुबह करीब 4:30 बजे खुद यूपी-112 पर फोन कर पुलिस को हत्याकांड की जानकारी दी।
अवाक रह गई पत्नी और बच्चे
शशि रंजन की पत्नी रेशमा छेत्री और उनका बेटा दूसरे कमरे में सो रहे थे। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेशमा को जगाया और बच्चियों के शव दिखाए, तो वह सन्न रह गईं। बदहवास हालत में उन्होंने अपनी नौकरानी को फोन कर मौके पर बुलाया। बता दें कि शशि और रेशमा ने 13 साल पहले लव मैरिज की थी। मृतक बच्चियां (रिद्धि और सिद्धि) कक्षा 5 की छात्राएं थीं।
पुलिस की कार्रवाई और प्रारंभिक जांच
डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में घरेलू कलह हत्या की मुख्य वजह बनकर सामने आ रही है। आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है।
Also Read: अजीत अगरकर की हुई चांदी, तीन ICC ट्रॉफी जीतने पर BCCI देगी बड़ा इनाम, रिपोर्ट में खुलासा

