Unnao News: सफीपुर पुलिस ने 24 घंटे में किया हत्याकांड का पर्दाफाश, आशिक ही निकला महिला का कातिल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद की सफीपुर कोतवाली पुलिस ने निहालपुर गांव के बाग में मिली महिला की लाश के मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी उमेश गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों के खुलासे की धमकी और बार-बार पैसों की मांग से तंग आकर आरोपी ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।

बाग में मिली थी लाश, सीसीटीवी ने खोला राज

बता दें कि बीते मंगलवार को कस्बे के बाकरगंज निवासी फूलदुलारी (50) का शव निहालपुर गांव के पास एक आम के बाग में मिला था। घटनास्थल पर शराब के पाउच और गिलास मिलने से पुलिस को पहले ही अंदेशा हो गया था कि वारदात के समय कोई परिचित व्यक्ति महिला के साथ मौजूद था। कोतवाली प्रभारी एसएन त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी उमेश गौड़ को शराब खरीदते और फिर फूलदुलारी को अपनी बाइक पर बैठाकर ले जाते हुए देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

सेल्समैन और महिला के बीच था ‘खतरनाक’ रिश्ता

पूछताछ में आरोपी उमेश गौड़ ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए रोंगटे खड़े करने वाली दास्तां सुनाई। उमेश कस्बे की एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन है। करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात फूलदुलारी से हुई थी और दोनों के बीच नजदीकी बढ़ गई। आरोपी के मुताबिक, महिला अक्सर उसके साथ शराब पीती थी और धीरे-धीरे उसने पैसों की मांग शुरू कर दी। बाद में वह संबंधों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगी। घटना वाले दिन उमेश एक मांगलिक कार्यक्रम में गया था, जहाँ फूलदुलारी भी पहुँच गई और शराब व 1000 रुपये की मांग करने लगी।

पेड़ से टकराकर उतारा मौत के घाट

लगातार हो रही प्रताड़ना से आजिज आकर उमेश उसे बहाने से निहालपुर के बाहर एक सुनसान बाग में ले गया। वहाँ दोनों ने शराब पी, जिसके बाद उमेश ने महिला के साथ मारपीट की और उसे उठाकर आम के पेड़ के तने पर जोर से पटक दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी वहां से फरार हो गया।

पुलिस की कार्यवाही

सफीपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।

Also Read: UP IAS Association: 13 साल पहले साथ अफसरों से किया वादा भूली यूपी आईएएस एसोसिएशन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.