उत्तराखंड में बड़ा हादसा, टिहरी में गहरी खाई में गिरी पिकअप, 8 लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। टिहरी जिले के थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर एक भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा एक यूटिलिटी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नैल के समीप गहरी खाई में जा गिरा।

वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग घनसाली के चांजी, ठेला और चकरेडा गाँव के रहने वाले थे और हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। नैल के पास अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और पिकअप सीधे खाई में समा गई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने पुष्टि की है कि हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो युवकों उत्तम कुमार (30) और अंकित (22) को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे ने मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू कार्यों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा, हादसे के कारणों की गहन जांच की जाएगी। प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है और सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।

Also Read: बंगाल चुनाव के पहले चरण में बंपर वोटिंग और भारी बवाल, कोलकाता में अमित शाह ने संभाला मोर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.