‘आप भी आमंत्रित हैं’, कुमार विश्वास की राम कथा के पोस्टरों ने बढ़ाई दिल्ली की सियासी तपिश

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली विधानसभा में पहली बार आयोजित होने जा रही ‘संगीतमय राम कथा’ ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही राजधानी के सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। मशहूर कवि और डॉ. कुमार विश्वास द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली इस कथा के पोस्टरों ने आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर और बाहर नई चर्चा छेड़ दी है। सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है वह पोस्टर, जो देर रात AAP मुख्यालय के बाहर लगाया गया।

एक लाइन और कई मायने: क्या है ‘आप’ का मतलब?

दिल्ली की सड़कों और खासकर AAP दफ्तर के बाहर लगे इन पोस्टरों में कुमार विश्वास की तस्वीर के साथ बड़े अक्षरों में लिखा है ‘आप भी आमंत्रित हैं’। राजनीतिक जानकार इस लाइन के दो अर्थ निकाल रहे हैं। पहला यह कि यह आम जनता को आमंत्रण है, लेकिन ‘आप’ शब्द को जिस तरह उभारा गया है, उसे आम आदमी पार्टी और उसके नेतृत्व, खासकर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर एक प्रतीकात्मक तंज के तौर पर देखा जा रहा है।

AAP दफ्तर से पोस्टर हटने पर बढ़ा सस्पेंस

सूत्रों के मुताबिक, AAP दफ्तर के बाहर लगे इन पोस्टरों को कुछ ही समय बाद हटा दिया गया। पोस्टर हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या पार्टी नेतृत्व को इस आमंत्रण में कोई राजनीतिक संदेश या कटाक्ष महसूस हुआ? हालांकि, आम आदमी पार्टी की ओर से इस पर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पुराने रिश्ते और वर्तमान की दूरी

कुमार विश्वास कभी ‘आप’ के संस्थापक सदस्यों में से एक और अरविंद केजरीवाल के बेहद करीबी थे। समय के साथ उपजी दूरियों और तीखी बयानबाजी के बाद कुमार विश्वास अब पार्टी से अलग हैं। ऐसे में विधानसभा जैसे सरकारी मंच पर उनकी राम कथा और उसके बाद लगे ये पोस्टर महज एक सांस्कृतिक आयोजन न रहकर राजनीतिक संदेश बन गए हैं।

दिग्गजों को भेजा गया न्योता, 2500 मेहमान होंगे शामिल

दिल्ली विधानसभा के अधिकारियों के अनुसार, इस भव्य आयोजन के लिए करीब 2,500 लोगों को आमंत्रित किया गया है। इस सूची में केंद्रीय मंत्री, उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक शामिल हैं। कुमार विश्वास इस कार्यक्रम में संगीत के माध्यम से भगवान राम के जीवन के आदर्शों को आधुनिक संदर्भ में पेश करेंगे।

 

Also Read: ‘2047 तक भी अधूरा रहेगा सैफई परिवार का सपना’, अखिलेश के ‘स्टूल’ वाले तंज पर केशव मौर्य का पलटवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.