लखनऊ में घर खरीदना हुआ और भी आसान, अटल नगर के फ्लैट्स पर LDA का बड़ा तोहफा
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार का बड़ा फैसला, अब 15 हजार की जगह मात्र ₹10,767 होगी मासिक किश्त, तत्काल प्रभाव से आदेश लागू
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में अपना घर होने का सपना देख रहे लोगों के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बड़ी राहत की घोषणा की है। एलडीए की किफायती आवास योजना ‘अटल नगर’ को अब और भी ज्यादा ‘बजट फ्रेंडली’ बना दिया गया है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जन सामान्य की मांग को ध्यान में रखते हुए किश्तों की अवधि बढ़ाने और ब्याज दरों में कटौती करने के आदेश जारी किए हैं।

किश्तों का बोझ हुआ कम: 7 नहीं, अब 10 साल का मिलेगा समय
पुरानी व्यवस्था के तहत आवंटियों को 7 साल (84 किश्तें) में भुगतान करना होता था, जिसे अब बढ़ाकर 10 साल (120 किश्तें) कर दिया गया है। इसके साथ ही ब्याज दर को भी 9 प्रतिशत से घटाकर 7 प्रतिशत कर दिया गया है। इस दोहरी राहत से 1 बीएचके के फ्लैट की मासिक किश्त लगभग 15,000 रुपये से घटकर महज 10,767 रुपये रह जाएगी। यानी हर महीने लगभग 4,000 रुपये की सीधी बचत होगी।
अटल नगर: आधुनिक सुविधाओं से लैस किफायती आशियाना
देवपुर पारा स्थित अटल नगर योजना में 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं।
फ्लैट की कीमत: लगभग 9.83 लाख रुपये से शुरू।
पंजीकरण अवधि: 18 अप्रैल से 17 मई 2026 तक।
उपलब्ध फ्लैट: 1 BHK के 539 और 2 BHK के 91 फ्लैट्स के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खुला है।
सुविधाएं: लिफ्ट, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एरिया, किड्स प्ले एरिया और पार्किंग।

पंजीकरण का जबरदस्त क्रेज
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पिछले 15 दिनों में ही योजना को लेकर भारी उत्साह देखा गया है। अब तक 2,108 लोगों ने रजिस्ट्रेशन बुकलेट खरीदी है, जिनमें से 642 लोगों ने सफलतापूर्वक पंजीकरण करा लिया है। पंजीकरण केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही किया जा सकता है।
पंजीकरण शुल्क की जानकारी
1 BHK: 55,658 रुपये।
2 BHK: 1,00,852 रुपये।
(नोट: आवंटन न होने की स्थिति में यह शुल्क वापस कर दिया जाएगा।)
Also Read: Kushinagar News: उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक, किसान न हों परेशान, हेल्पलाइन नंबर जारी

