Kushinagar News: उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक, किसान न हों परेशान, हेल्पलाइन नंबर जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: वर्तमान खरीफ सीजन को देखते हुए कुशीनगर जनपद के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है और सभी अंचलों में यूरिया, डीएपी सहित अन्य खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और नियमानुसार अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद की खरीद करें।

जिले में उपलब्ध उर्वरकों का ब्योरा (मीट्रिक टन में)

जिला कृषि अधिकारी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जनपद में वर्तमान में उर्वरकों की उपलब्धता स्थिति निम्नलिखित है।

यूरिया: 15,534.00 मी० टन

डीएपी: 6,655.00 मी० टन

एन०पी०के०: 7,672.00 मी० टन

एस०एस०पी०: 6,482.00 मी० टन

एम०ओ०पी०: 1,145.00 मी० टन

इन नियमों का पालन करना होगा अनिवार्य

डॉ. मेनका ने बताया कि उर्वरक क्रय करते समय किसानों को अपनी खसरा-खतौनी एवं फार्मर रजिस्ट्री साथ रखना अनिवार्य है। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उर्वरक की बिक्री सुनिश्चित की जाएगी ताकि वास्तविक किसानों तक लाभ पहुंच सके और पारदर्शी व्यवस्था बनी रहे।

प्रशासन ने उर्वरक विक्रेताओं और सहकारी समितियों के सचिवों को सख्त चेतावनी दी है। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि यदि कोई भी निजी विक्रेता या सचिव खाद की कालाबाजारी, ओवररेटिंग (तय कीमत से अधिक दाम) या टैगिंग (खाद के साथ अन्य उत्पाद जबरन बेचना) करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के लिए यहां करें संपर्क

किसानों की सुविधा और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। किसी भी प्रकार की अनियमितता होने पर किसान सीधे इस नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

विभागीय हेल्पलाइन नंबर: 8317015135

Also Read: ऐतिहासिक जीत पर PM मोदी का पहला बयान, बोले- बंगाल में खिला कमल, यह सुशासन की विजय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.