Lucknow News: हिस्ट्रीशीटर सचिन यादव की हत्या, सुशांत गोल्फ सिटी में मिली लाश
सिर पर चोट के गहरे निशान, स्कूल के पीछे फेंका गया शव, पिछले साल दिवाली की रंजिश से तार जुड़ने की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निजी स्कूल के पीछे झाड़ियों में एक युवक की लाश मिली। मृतक की शिनाख्त लखनऊ के पीजीआई थाने के हिस्ट्रीशीटर सचिन यादव के रूप में हुई है। सचिन के सिर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाशों ने उसे बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा और फिर शव को यहां लाकर फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, सचिन यादव एक आदतन अपराधी था और उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वह इसी महीने जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। बाहर आने के चंद दिनों के भीतर ही उसकी हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी है।
भाई की हत्या का बदला या पुरानी रंजिश?
सचिन यादव के परिवार के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है। गौरतलब है कि पिछले साल दिवाली के मौके पर सचिन के भाई की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या सचिन की हत्या उसी रंजिश का हिस्सा है या जेल से बाहर आने के बाद किसी नए विवाद में उसकी जान ली गई है।
घटना की सूचना मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सचिन के मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) के जरिए आखिरी समय में उसके संपर्क में रहे लोगों का पता लगा रही है।
अपराध का केंद्र बना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र?
लखनऊ के इस पॉश इलाके में हिस्ट्रीशीटर की हत्या और लाश मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हत्या के पीछे की असल वजह का खुलासा होगा।
Also Read: बंगाल में भाजपा का पहला मुख्यमंत्री कौन? 9 मई को होगा ऐतिहासिक शपथ ग्रहण

