चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, गोवा से आ रही इंडिगो फ्लाइट में जोरदार धमाका, कई घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: गोवा से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-108) में लैंडिंग के दौरान अचानक हुए एक जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। विमान के अंदर मोबाइल पावर बैंक फटने से लगी आग और धुएं के कारण यात्रियों में भगदड़ मच गई, जिसमें एक महिला समेत कई यात्रियों के घायल होने की खबर है।
लैंडिंग के वक्त फटा पावर बैंक, मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E-108 सोमवार को जब चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी, तभी एक यात्री का मोबाइल पावर बैंक अचानक फट गया। धमाका इतना तेज था कि केबिन के अंदर धुआं भर गया और यात्री जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 5 लोग घायल हुए हैं, हालांकि घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
धमाके के बाद विमान के अंदर दहशत का माहौल पैदा हो गया। आनन-फानन में विमान का इमरजेंसी गेट खोला गया। गेट खुलते ही सुरक्षित बाहर निकलने की होड़ मच गई, जिसके चलते हुई भगदड़ में एक महिला यात्री के पैर में गंभीर चोट आई है। घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए जीरकपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षा प्रोटोकॉल पर उठे सवाल
विमान के अंदर पावर बैंक फटने की इस घटना ने हवाई सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी और इंडिगो की ओर से इस मामले में विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि पावर बैंक में तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य कारण। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
Also Read: ‘मैं हारी नहीं हूं, इस्तीफा नहीं दूंगी’, ममता बनर्जी का चुनाव आयोग और BJP पर बड़ा हमला

