Israel पर ईरान-हिजबुल्लाह का बड़ा हमला, ईरान बोला- जवाब दिया तो और भीषण वार होगा
Israel Iran Conflict: मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। रविवार देर रात इजरायल पर ईरान और हिजबुल्लाह की ओर से एक साथ हमले किए गए, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। इजरायली शहरों में सायरन बजने लगे और एयर डिफेंस सिस्टम को तुरंत सक्रिय करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, ईरान ने उत्तरी इजरायल की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। वहीं लेबनान से हिजबुल्लाह ने भी मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इजरायल का दावा है कि अप्रैल में हुए संघर्ष-विराम के बाद यह ईरान का पहला सीधा मिसाइल हमला है।
बेरूत पर हमले के बाद भड़का विवाद
बताया जा रहा है कि हाल ही में Israel ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाकों में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक की थी। इसके बाद ईरान ने चेतावनी दी थी कि अगर लेबनान पर हमले जारी रहे तो जवाब दिया जाएगा। ताजा मिसाइल हमलों को उसी चेतावनी से जोड़कर देखा जा रहा है।
ईरान के शीर्ष नेताओं और अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने पहले ही इजरायल को चेताया था कि युद्धविराम का उल्लंघन और लेबनान पर हमले स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ईरानी पक्ष का दावा है कि यह कार्रवाई उसी का जवाब है।

पलटवार हुआ तो और बड़े हमले की धमकी
तनाव के बीच Israel सेना ने कहा है कि अधिकांश मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर लिया गया और अब स्थिति का आकलन किया जा रहा है। वहीं इजरायल ने संकेत दिए हैं कि वह जवाबी कार्रवाई कर सकता है।
दूसरी तरफ ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर इजरायल ने पलटवार किया तो उसे और भी बड़े हमलों का सामना करना पड़ सकता है। ईरानी नेताओं ने यह भी कहा कि क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी संभावित निशाना माना जा सकता है यदि संघर्ष और बढ़ता है।
फिलहाल पूरे मिडिल ईस्ट की नजर Israel की अगली रणनीति पर टिकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले घंटे क्षेत्रीय स्थिति के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं।
Also Read: अमेरिका के कम्युनिटी फेस्टिवल में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, कई घायल, पुलिस अलर्ट पर

