7.8 तीव्रता के भूकंप से कांपा फिलीपींस, सुनामी का खतरा, तटीय इलाकों में हाई अलर्ट
Earthquake in Philippines: फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से मिंडानाओ में सोमवार को आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। तेज झटकों के बाद फिलीपींस और इंडोनेशिया में सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया। प्रशासन ने समुद्र किनारे रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
भूकंप के झटके दूर-दूर तक महसूस किए गए, जिसके बाद लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक भूकंप समुद्र के भीतर कम गहराई में आया, जिससे सुनामी का खतरा बढ़ गया। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुनामी की चेतावनी, तटीय इलाकों में निगरानी तेज
भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने संभावित सुनामी को लेकर अलर्ट जारी किया। इसके बाद इंडोनेशिया की भूभौतिकी एजेंसी ने भी अपने उत्तर-पूर्वी तटीय क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी कर दी।
Philippines के ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) के अनुसार प्रभावित तटीय इलाकों में सामान्य ज्वार से एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठ सकती हैं और उनका असर कई घंटों तक बना रह सकता है। प्रशासन ने कई समुद्री क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है, जबकि राहत और बचाव टीमें अलर्ट मोड पर हैं।
Philippines और इंडोनेशिया दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित देशों में शामिल हैं। दोनों देश “पैसिफिक रिंग ऑफ फायर” क्षेत्र में स्थित हैं, जहां टेक्टोनिक प्लेटों की सक्रियता के कारण अक्सर भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट और सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदाएं आती रहती हैं।
Also Read: अमेरिका के कम्युनिटी फेस्टिवल में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, कई घायल, पुलिस अलर्ट पर

