45 साल की मां, 23 साल का बॉयफ्रेंड और बेटी की मौत, सामने आई रोंगटे खड़े करने वाली कहानी
Punjab Crime News: पंजाब के नवांशहर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। 16 वर्षीय किशोरी की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी मां के 23 वर्षीय प्रेमी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि किशोरी अपनी मां और आरोपी के रिश्ते का विरोध करती थी। पुलिस का दावा है कि यही विवाद इस सनसनीखेज वारदात की वजह बना।
पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय महिला अपने पति से अलग हो चुकी थी और अपनी 16 वर्षीय बेटी के साथ रह रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह उर्फ गोपी से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनके रिश्ते की चर्चा घर तक पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि किशोरी को मां का यह रिश्ता पसंद नहीं था। वह अक्सर इसका विरोध करती थी और आरोपी के घर आने-जाने पर आपत्ति जताती थी। इसी बात को लेकर घर में तनाव बना रहता था।
घर से लापता हुई किशोरी, जांच में खुला राज
पुलिस जांच के मुताबिक 29 मई को किशोरी घर पर अकेली थी, जबकि उसकी मां बाहर गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी गुरविंदर घर पहुंचा। आरोप है कि उसने किशोरी की हत्या कर दी और बाद में मामले को छिपाने की कोशिश की।

जब लड़की घर से नहीं मिली तो उसकी मां ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। इसी दौरान आरोपी संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई।
CCTV फुटेज बना सबसे बड़ा सबूत
पुलिस को जांच में ऐसे फुटेज मिले जिनमें आरोपी एक बड़ा सूटकेस ले जाते हुए दिखाई दिया। पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग मिले और आरोपी की निशानदेही पर होशियारपुर के खुरालगढ़ क्षेत्र से एक जला हुआ शव बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की थी, लेकिन जांच के दौरान पूरी साजिश सामने आ गई। बरामद अवशेषों की पहचान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
एसएसपी तुषार गुप्ता ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।
Also Read: Prayagraj: 5 लाख दहेज न मिला तो ससुराल वालों ने बहू को घर से निकाला, मुकदमा दर्ज

