विशाखापट्टनम स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, पिघले स्टील ने ली 8 कर्मचारियों की जान
Andhrapradesh News: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित स्टील प्लांट में सोमवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट की हीट फैसिलिटी में पिघले हुए स्टील का रिसाव होने से 8 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बचाव कार्य शुरू करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, स्टील प्लांट के एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में अत्यधिक तापमान वाले पिघले स्टील से भरा लेडल अचानक फट गया। इसके बाद बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील बाहर निकल आया, जिसकी चपेट में कई कर्मचारी आ गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में भगदड़ मच गई।
विशाखापट्टनम स्टील प्लांट सर्किल के इंस्पेक्टर केसव राव ने बताया कि हादसे में 8 कर्मचारियों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
राहत-बचाव कार्य तेज, अधिकारियों को दिए निर्देश

हादसे की सूचना मिलते ही प्लांट की आपातकालीन टीम और दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। फिलहाल आग और रिसाव पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
राज्य की गृह मंत्री वांगलापुडी अनीता ने घटना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए विशाखापट्टनम के जिला कलेक्टर और पुलिस आयुक्त से फोन पर बातचीत की। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंत्री स्वयं भी घटना स्थल के लिए रवाना हो गईं और लगातार अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ले रही हैं।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि पिघले स्टील से भरे लेडल में तकनीकी खराबी के चलते यह दुर्घटना हुई।
Also Read: नकल रोकने पर खाकी का तांडव, दरोगा पिता और मामा ने कॉलेज में घुसकर शिक्षकों को बेरहमी से पीटा

