आजमगढ़-वाराणसी हाईवे पर ट्रेलर और कार की भिड़ंत, झारखंड के 4 लोगों की मौत

Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। देवगांव कोतवाली अंतर्गत बरडीहा मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार ट्रेलर और अर्टिगा कार के बीच सीधी टक्कर हो गई। यह भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर के बाद अर्टिगा कार मलबे में तब्दील हो गई और उसमें मौजूद लोग अंदर ही फंस गए। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों और सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को तत्काल लालगंज स्थित संयुक्त सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अजमल आलम को शुरुआती इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर (डाल्टनगंज) क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहनिया गांव के निवासी थे। मृतकों के परिवारों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने चारों शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

उधर, इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायल मरीज को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Also Read: मोदी सरकार के 12 वर्ष: जगदंबिका पाल ने गिनाईं विकास और सुशासन की अभूतपूर्व उपलब्धियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.