Varanasi News: अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, STF ने 123 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को किया गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।

STF ने 14 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए 123 किलोग्राम गांजा के साथ एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रेम चंद्र मौर्य पुत्र राजेश मौर्य, निवासी काजीपुर, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से गांजा के साथ एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

यह गिरफ्तारी वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र स्थित TCI-Express कूरियर सर्विस के गोदाम, परमानंदपुर से की गई।

STF को बीते कुछ दिनों से अलग-अलग राज्यों से उत्तर प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई को लेकर इनपुट मिल रहे थे। इसी क्रम में STF की वाराणसी फील्ड यूनिट, निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में सूचना संकलन कर रही थी।

UP STF

जांच के दौरान सूचना मिली कि असम से गांजा की खेप कूरियर के माध्यम से वाराणसी और आसपास के जिलों में सप्लाई की जा रही है।

सूचना के आधार पर STF और एनसीबी की संयुक्त टीम ने TCI-Express के गोदाम की तलाशी ली, जहां सिल्क साड़ी लिखे पैकेट्स में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि असम के उदालगुड़ी निवासी बाबू वर्मन गांजा पैक कर गुवाहाटी निवासी बबलू को भेजता था।

बबलू, कूरियर कंपनी के मैनेजर से मिलीभगत कर कार्गो के जरिए वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर और देवरिया के तस्करों तक गांजा पहुंचाता था।

वाराणसी भेजी जाने वाली खेप पर फर्जी नाम-पते की रसीद लगाई जाती थी और तस्कर फर्जी मोबाइल नंबर बताकर पार्सल हासिल कर लेते थे। प्रति किलो गांजा के हिसाब से करीब 3,800 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया जाता था।

इस मामले में एनसीबी द्वारा अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/25/27/29 के तहत केस संख्या 07/2026 दर्ज कर ली गई है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। STF और एनसीबी की टीमें पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी हैं।

Also Read: Bareilly News: नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और शोषण करने का आरोपी शानू गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.